ढलती उम्र में पुरुषों में भी होती हैं दिक्कतें, इसे कहते हैं 'एंड्रोपॉज'

ढलती उम्र में पुरुषों में भी होती हैं दिक्कतें, इसे कहते हैं

प्रेषित समय :11:24:46 AM / Sat, Jan 25th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अक्सर मेनोपॉज को लेकर चर्चा होती है, लेकिन बढ़ती उम्र में होने वाले हार्मोनल बदलाव पुरुषों को भी प्रभावित करते हैं। इसे एंड्रोपॉज कहते हैं। पुरुषों में यह स्थिति 50 साल की उम्र के आसपास शुरू होती है, जब टेस्टोस्टेरोन हार्मोन का स्तर धीरे-धीरे कम होने लगता है। दिल्ली के सी.के. बिरला अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. समीर खन्ना ने इस विषय पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

क्या है एंड्रोपॉज- एंड्रोपॉज को 'पुरुष रजोनिवृत्ति' भी कहा जाता है, लेकिन यह महिलाओं में होने वाली रजोनिवृत्ति से अलग है। महिलाओं में जहां मेनोपॉज के दौरान प्रजनन क्षमता का स्पष्ट अंत होता है, वहीं एंड्रोपॉज के दौरान पुरुषों की प्रजनन क्षमता प्रभावित नहीं होती।

एंड्रोपॉज के सामान्य लक्षण
थकान महसूस होना
कामेच्छा में कमी
मूड स्विंग
मांसपेशियों का कमजोर होना
शरीर में फैट बढ़ना
तनाव और जीवनशैली की आदतों से जुड़ी परेशानियां

क्या एंड्रोपॉज चिंता का कारण है?
यह बढ़ती उम्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है, और अधिकतर पुरुषों को केवल हल्के लक्षण ही महसूस होते हैं। हालांकि, यदि लक्षण गंभीर हो जाएं, तो विशेषज्ञ से परामर्श लेना जरूरी है।

टेस्टोस्टेरोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (टीआरटी)
एंड्रोपॉज के लक्षणों के इलाज के लिए टीआरटी एक विकल्प हो सकता है।
यह थेरेपी केवल डॉक्टर की निगरानी में ही ली जानी चाहिए, क्योंकि इसके दुष्प्रभाव जैसे हृदय रोग और प्रोस्टेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
स्वस्थ जीवनशैली से मिलेगी राहत
एंड्रोपॉज के प्रभावों को कम करने के लिए स्वस्थ दिनचर्या अपनाना बेहद जरूरी है:

नियमित व्यायाम करें: शारीरिक सक्रियता मांसपेशियों को मजबूत करती है।
संतुलित आहार लें: पोषक तत्वों से भरपूर आहार हार्मोनल संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।
पर्याप्त नींद लें: अच्छी नींद मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है।
तनाव प्रबंधन करें: ध्यान और योग जैसी गतिविधियां सहायक हो सकती हैं।
नशे से बचें: धूम्रपान और अत्यधिक शराब से दूर रहें।

नियमित स्वास्थ्य जांच है जरूरी- पुरुषों को अपने समग्र स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए। किसी भी समस्या के संकेत मिलने पर जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करें। नियमित स्वास्थ्य जांच से उभरती समस्याओं का समय पर पता लगाया जा सकता है। एंड्रोपॉज कोई बीमारी नहीं, बल्कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर में होने वाला स्वाभाविक बदलाव है। इसे समझना और इसे लेकर सही कदम उठाना स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए बेहद जरूरी है।