बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की टिप्पणी से मची हलचल

बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की टिप्पणी से मची हलचल

प्रेषित समय :12:26:43 PM / Sat, Jan 18th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बेगूसराय: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की समीक्षा और नए प्रोजेक्ट्स की घोषणा कर रहे हैं। शनिवार को बेगूसराय में जीविका दीदियों के साथ बातचीत के दौरान उनकी एक टिप्पणी ने हलचल मचा दी। महिलाओं के पहनावे और आत्मविश्वास में आए सकारात्मक बदलाव की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "पहले कोई लड़की कपड़ा पहनती थी जी... अब कितना बढ़िया हो गया। सब कितना अच्छा कपड़ा पहन रही हैं और बोलती कितना बढ़िया हैं। पहले ऐसा नहीं था। जहां भी जाते हैं, जीविका दीदियों का दर्शन करते हैं।"

हालांकि, मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी कुछ लोगों को असहज कर गई। मौके पर मौजूद मंत्री विजय कुमार चौधरी और सम्राट चौधरी भी इस टिप्पणी के दौरान असहज नजर आए।

सारण की घटना का जिक्र
यह पहला मौका नहीं है जब नीतीश कुमार की टिप्पणी ने विवाद पैदा किया हो। इससे पहले सारण में जीविका दीदियों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था, "हम सभी को माता ने ही पैदा किया है।" इस बयान पर भी उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय कुमार चौधरी असहज दिखे थे और वहां से जल्दी निकलने की कोशिश करते नजर आए थे।

विपक्ष ने उठाए सवाल
मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा और उनके बयानों को लेकर विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सवाल उठाए हैं। आरजेडी नेताओं ने न केवल नीतीश कुमार की टिप्पणियों को अनुचित बताया, बल्कि उनकी उम्र और स्वास्थ्य पर भी कटाक्ष किया है।

नीतीश कुमार की टिप्पणियों को लेकर मचे विवाद ने राजनीतिक हलकों में चर्चा को तेज कर दिया है। वहीं, समर्थकों का कहना है कि मुख्यमंत्री महिलाओं की सशक्तिकरण और उनके आत्मविश्वास की प्रशंसा कर रहे थे।