एलन मस्क ने रचा इतिहास: 400 अरब डॉलर की संपत्ति वाले पहले इंसान बने

एलन मस्क ने रचा इतिहास: 400 अरब डॉलर की संपत्ति वाले पहले इंसान बने

प्रेषित समय :09:19:18 AM / Thu, Dec 12th, 2024
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. एलन मस्क 400 अरब डॉलर की कुल संपत्ति रखने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। यह उपलब्धि अब तक किसी ने हासिल नहीं की थी। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेसएक्स की इनसाइडर ट्रेडिंग सेल्स की वजह से मस्क की नेटवर्थ में एक झटके में 50 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई, जिससे उनकी कुल संपत्ति 439 अरब डॉलर के पार पहुंच गई है।

स्पेसएक्स और उसके निवेशकों ने हाल ही में 1.25 अरब डॉलर के शेयर खरीदने पर सहमति जताई, जिसके बाद कंपनी का मूल्यांकन 350 अरब डॉलर हो गया। यह इसे दुनिया का सबसे बड़ा प्राइवेट स्टार्टअप बनाता है। इस डील ने एलन मस्क की संपत्ति में 50 अरब डॉलर का इजाफा किया।

मस्क की संपत्ति में तेजी का एक और बड़ा कारण टेस्ला के शेयरों का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन है। 4 दिसंबर के बाद से टेस्ला के शेयरों में 72% से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को टेस्ला के शेयर 4.50% की बढ़त के साथ 420.40 डॉलर पर पहुंच गए, जो अब तक का उच्चतम स्तर है। रिपोर्ट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के बाद मस्क की संपत्ति में उल्लेखनीय इजाफा हुआ। 5 नवंबर को मस्क की संपत्ति 264 अरब डॉलर थी, जो अब बढ़कर 439 अरब डॉलर हो गई है। यह सिर्फ डेढ़ महीने में 175 अरब डॉलर की वृद्धि को दर्शाता है।

अब मस्क की नजर 500 अरब डॉलर के आंकड़े पर है। साल खत्म होने में करीब 15 दिन बाकी हैं, और इस लक्ष्य को पाने के लिए मस्क को अपनी संपत्ति में रोजाना 3.5 अरब डॉलर का इजाफा करना होगा। मौजूदा गति को देखते हुए, यह लक्ष्य हासिल करना मस्क के लिए मुश्किल नहीं लग रहा। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, 1 जुलाई 2023 को मस्क की संपत्ति 126 अरब डॉलर थी। तब से अब तक इसमें 248% यानी 3.48 गुना वृद्धि हो चुकी है। मस्क की यह उपलब्धि उन्हें वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार की दुनिया में एक अद्वितीय स्थान पर खड़ा करती है।