पार्टी की नई रणनीति: अब सिर्फ 'कांग्रेस' नहीं 'इंडियन नेशनल कांग्रेस' कहिए

पार्टी की नई रणनीति: अब सिर्फ

प्रेषित समय :10:26:25 AM / Wed, May 25th, 2022

कांग्रेस ने अब अपनी रणनीति में खास बदलाव किए हैं। खबर है कि पार्टी अब कांग्रेस के बजाए 'इंडियन नेशनल कांग्रेस' या भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कहलाना पसंद कर रही है। खास बात है कि पार्टी ने राजस्थान के उदयपुर में आयोजित चिंतन शिविर के दौरान बड़े बदलाव की घोषणा की थी। इस क्रम पार्टी ने टास्क फोर्स 2024 समेत तीन समूह गठित किए हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अपने प्रवक्ताओं/नेताओं को टीवी डिबेट और प्रेस कांफ्रेंस या भाषणों के दौरान कांग्रेस के बजाए इंडियन नेशनल कांग्रेस कहने की सलाह देने जा रही है। सूत्रों ने बताया, 'पार्टी इसके जरिए यह संदेश देना चाहती है कि कांग्रेस भारतीय है, कांग्रेस में भारतीयता है और पार्टी नेशनल कांग्रेस है जिसने आजादी की लड़ाई लड़ी थी।'

खबर है कि पार्टी ने यह बदलाव इसलिए किए हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के राष्ट्रवाद पर सवाल उठा रहे हैं। साथ ही कांग्रेस नेतृत्व की भारतीयता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में यह दोहराना जरूरी है कि कांग्रेस पार्टी भारतीय है और कांग्रेस का नेतृत्व भी भारतीय है। सूत्रों ने बताया कि भारत और भारतीयता से जुड़ने के लिए कांग्रेस ने उदयपुर में पार्टी के प्रस्ताव को हिंदी में पढ़ा और इसे हिंदी में ही जारी किया गया। हालांकि, बाद में इसे बदलकर अंग्रेजी में किया। यह पहली बार है जब कांग्रेस में प्रस्ताव हिंदी में पास हुआ है और बाद में इसका अनुवाद अंग्रेजी में किया गया।

पार्टी ने संपर्क को लेकर रणनीति में बदलाव करते हुए कांग्रेस पार्टी ने टास्क फोर्स 2024 की बैठक की। इस बैठक में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को विशेष तौर पर बुलाया गया था। इतना ही नहीं इस बैठक की तस्वीरें मीडिया में तत्काल जारी की गई ताकि आम कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की गंभीरता का पता लग सके।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

Leave a Reply